उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अंजू चौधरी ने चिकित्सा स्थिति की ली जानकारी

महराजगंज, 7 जुलाई 2021,उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा. उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू चौधरी द्वारा जनपद में महिलाओं की चिकित्सीय स्थिति की जमीनी जानकारी व महिलाओं को शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन करने हेतु जनपद में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा/धानी बाजार/बृजमनगंज एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक का भ्रमण किया गया। इसके अतिरिक्त भ्रमण का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार व्यवस्था का अनुश्रवण करना तथा कोविड-19 से बचाव हेतु महिलाओं के टीकाकरण की वस्तुस्थिति जानना भी था। अपने भ्रमण के दौरान मा. उपाध्यक्ष ने सभी केंद्रों पर वृक्षारोपण भी किया। मा. उपाध्यक्ष ने बताया कि भ्रमण के दौरान सभी सामुदायिक व प्राथमिक केन्द्रों के अस्पताल अच्छी स्थिति में हैं, यद्यपि कुछ उपकरणों एवं तकनीकी स्टाफ की कमी थी, जिसके संबंध में उन्होंने मौजूद अधिकारियों को त्वरित कदम उठाने को कहा है। अपने भ्रमण का समापन मा.उपाध्यक्ष ने सोनाड़ी देवी मंदिर के दर्शन से किया।
भ्रमण के दौरान मा. उपाध्यक्ष के साथ जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी, ए.सी.एम.ओ. डॉ. राकेश कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री प्रियंका त्रिपाठी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।